हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में कुछ स्थानों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। रविवार से बारिश की रफ्तार कम होने की संभावना है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आज से माॅनसून के एक बार फिर सक्रिय होने की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि आगामी 27 अगस्त तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि 24 और 25 अगस्त को कुछ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है

कुल्लू जिले में दो दिन से मौसम शुष्क है। शुक्रवार को दिनभर धूप खिली रही। लगवैली के साथ जिले के कई क्षेत्र अभी भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से अंधेरे में हैं। भारी भूस्खलन के कारण करीब 100 सड़कों पर यातायात बाधित है। शहर के साथ जिले के ग्रामीण व शहरी इलाकों में पानी की आपूर्ति भी अवरुद्ध है। वहीं बंजार स्थित नया बस अड्डा के पास शुक्रवार को पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इस कारण एनएच-305 पर मलबा और पत्थर गिरे हैं। आठ घंटे से अधिक समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद रही। ऊना, हमीरपुर जिले में भी शुक्रवार को मौसम साफ रहा। मौसम साफ होने से कृषि कार्यों में तेजी आई है।




